नगर के शिब्ली नेशनल इंटर कालेज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ रामजन्म सिंह गुट की ओर से आयोजित दो दिवसीय राज्य सम्मेलन रविवार को संपन्न हो गया। इस दौरान वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के साथ शिक्षक समस्याओं पर चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि डा. वेदपाल सिंह ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की नींव उसकी शिक्षा व्यवस्था पर टिकी होती है। प्रदेश अध्यक्ष रामजन्म सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था के सुधार के क्रम में राज्य सरकार द्वारा वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय के लिए जो बजट में प्रावधान किया गया, वह सराहनीय है। इसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है।
प्रांतीय महामंत्री अवनींद्र पांडेय ने कहा कि शिक्षकों की जिन समस्याओं की जानकारी मिली है, संगठन के माध्यम से उसका निस्तारण कराया जाएगा। जिलाध्यक्ष और प्रदेशीय कोषाध्यक्ष इरफान अहमद ने आभार व्यक्त किया। सम्मेलन के समापन के पूर्व अवकाश प्राप्त शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन को वीरेंद्र सिंह, पंकज सिंह, जीत बहादुर यादव, दशरथ राय रथेश, लालजी सिंह, डा. दिनेश प्रताप सिंह, ओमप्रकाश राय, मुहम्मद हनीफ, शेरबहादुर सिंह आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर मुहम्मद अरशद, एहसान अहमद, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, अजय सुनील सिंह, सुरेंद प्रताप आदि मौजूद थे।