आजमगढ़। विद्युत निगम ने बिजली चोरी को रोकने और बकायेदारों से वसूली के लिए बुधवार को बदरका मुहल्ले में सुबह-सुबह छापा मारा। इस दौरान छह लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। बकाये के कारण 63 लोगों का बिजली कनेक्शन काटा गया। बिजली निगम की टीम ने 200 घरों में कनेक्शनों की जांच की। बिजली बिल के बकाये के निस्तारण के लिए ओटीएस योजना चलाई जा रही है। बुधवार को योजना के दूसरे चरण का आखिरी दिन है। इसके बाद भी बड़े बकायेदार भुगतान से कन्नी काट रहे हैं। वहीं बहुत से लोग चोरी से बिजली जला रहे हैं। बुधवार सुबह एसडीओ उपेंद्र चौरसिया और जेई अकबर अली के नेतृत्व में टीम ने बदरका मुहल्ले में छापेमारी की। 25 घरों में पुराने मीटर की जगह स्मार्ट मीटर लगाया गया। इस दौरान एसडीओ उपेंद्र चौरसिया ने बताया कि बकायेदार योजना के तहत बकाये का भुगतान करें।