बूढ़नपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में सोमवार की देर शाम सांड़ की टक्कर से घायल ई-रिक्शा चालक की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक संतलाल (55) क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का निवासी था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी मुताबिक संतलाल देर शाम ई-रिक्शा लेकर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह मुबारकपुर धर्म कांटे के पास पहुंचा, सड़क किनारे घूम रहे सांड़ से उसका टकराव हो गया। हादसे में संतलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर अतरौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि संतलाल ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके एक बेटा और चार बेटियां हैं। ग्राम प्रधान प्रमोद यादव ने बताया कि परिवार की स्थिति आर्थिक रूप से कमजोर है और संतलाल ही उनका सहारा था।