उत्तर प्रदेश सरकार की ई-वाहन को बढ़ावा देने की योजना को तगड़ा झटका लगने जा रहा है। सरकार की ओर से ई-दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर दी जा रही सब्सिडी 13 अक्तूबर 2025 के बाद बंद कर दी जाएगी। इसके साथ ही अब तक दी जा रही पंजीयन शुल्क की छूट भी समाप्त हो जाएगी। इससे यूपी के बाहर निर्मित होने वाले वाहन अब महंगे हो जाएंगे लेकिन जो ई-वाहन यूपी में निर्मित होंगे उन पर यह सब्सिडी 2027 तक मिलती रहेगी। इस बदलाव के चलते ई-वाहनों की कीमतों में भारी इजाफा होने जा रहा है। दोपहिया ई-स्कूटर पर करीब 15,000 और ई-कार पर 1.25 लाख रुपये तक का भार उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। वर्तमान में राज्य सरकार की नीति के तहत दोपहिया ई-वाहनों पर 5,000 और कारों पर 1 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल रही थी, जो अब बंद हो जाएगी। हालांकि सरकार ने जब नीति लागू की थी तो उत्तर प्रदेश में निर्मित होने वाले वाहनों को 2027 तक यह सब्सिडी प्रदान करने का शासनादेश जारी किया था। इसके कारण 13 अक्तूबर से यूपी से बाहर जिन ई-वाहनों का निर्माण होता है उनके दाम बढ़ जाएंगे। वहीं जिन वाहनों का निर्माण यूपी में हो रहा है उन पर यह योजना 2027 तक लागू रहेगी।