सरायमीर। पूना पोखर स्थित जय मां सर्वेश्वरी क्लीनिक अस्पताल में ऑपरेशन के बाद प्रसूता मनीषा (28) की उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने शव अस्पताल के बाहर रखकर प्रदर्शन किया। डॉक्टर पर गलत ऑपरेशन और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर थानाध्यक्ष भुवनेश चौबे पहुंचे। एडिशनल सीएमओ डॉ. आलेंद्र कुमार ने अस्पताल का निरीक्षण किया और अनियमितताएं मिलने पर सील कर दिया।
सरायमीर थाना क्षेत्र के पूना पोखरा निवासी सुनील ठठेरा ने बताया कि उनकी बहन मनीषा (28) को प्रसव पीड़ा होने पर 12 फरवरी को पूना पोखरा स्थित जय मां सर्वेश्वरी क्लीनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि चिकित्सक ने परिजनों की सहमति के बिना तत्काल ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के बाद मनीषा की हालत बिगड़ती गई। बाद में उसे दूसरे अस्पताल भेजा गया। वहां जांच में दोनों किडनी खराब होने की जानकारी मिली। इसके बाद वह लंबे समय तक डायलिसिस पर रही। शुक्रवार की सुबह लगभग 9.30 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सुनील का आरोप है कि गलत ऑपरेशन और इलाज में लापरवाही के कारण उसकी बहन की दोनों किडनी खराब हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सील होने के बाद दूसरे मकान में चला रहा था अस्पताल
एडिशनल सीएमओ डॉ. आलेंद्र कुमार ने बताया कि 15 मार्च को स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई के दौरान शिकायत मिलने पर पूना पोखरा स्थित जय मां सर्वेश्वरी क्लीनिक को सील कर दिया था। इसके बाद अस्पताल दूसरे मकान में संचालित होने लगा।
एसीएमओ की तहरीर पर चिकित्सक व दो स्टाफ पर प्राथमिकी दर्ज
थानाध्यक्ष भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि एडिशनल मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) डॉ. आलेंद्र कुमार की तहरीर पर सरायमीर पुलिस ने मामले में डॉ. अंगद पाल, स्टाफ नर्स रेनू विश्वकर्मा व उसकी सहयोगी रोशनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने पूछताछ के लिए स्टाफ नर्स रेनू विश्वकर्मा और रोशनी को हिरासत में लिया है। अस्पताल के संचालक डॉ. अंगद पाल की तलाश में दबिश दी जा रही है।