आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के ढाका गांव निवासी नूरीन और उसकी बेटी गजाला की हत्या उसके गांव के परिचित युवक ने प्रेम संबंधों में रुकावट बनने पर की थी। हत्या के तीन बाद मेहनाजपुर थाने की पुलिस बहलोलपुर तिराहे से हत्यारोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के बाद गायब मां-बेटी की मोबाइल भी उसके पास से बरामद कर लिए हैं।
एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शुभम विश्वकर्मा पुत्र सुरेंद्र मेहनाजपुर थाने के ढाका गांव का निवासी है। ढाका गांव निवासी नूरीन (42) का पति सऊदी में है। नूरीन अपने बच्चों के साथ घर पर रहती थी। नूरीन के घर मोबाइल न होने की वजह से उसका पति शुभम के मोबाइल पर फोन करता तो वह घर जाकर नूरीन से बात कराता था। इस दौरान नूरीन की 16 वर्षीय बेटी गजाला और शुभम के बीच प्रेम हो गया। गांव में इसकी चर्चा हुई तो नूरीन रात में बेटी गजाला के कमरे में ताला लगा देती थी और शुभम का भी घर पर आना-जाना कम हो गया। नूरीन और गजाला ने भी फोन ले लिया। गांव के दूसरे युवक से गजाला की दोस्ती हो गई। यह बात शुभम को नागवार गुजरी। पांच अक्तूबर की रात को शुभम ने गजाला को फोन किया, लेकिन उसकी मोबाइल काफी देर तक व्यस्त रहा। शुभम को लगा कि गजाला किसी दूसरे के साथ है। यह जानने के लिए वह घर पहुंच गया। शुभम को पता था कि नूरीन तकिए के नीचे चाबी रखती है। उसने चाबी लेने का प्रयास किया, तभी नूरीन की नींद खुल गई और वह विरोध करते हुए शोर मचाने लगी। शुभम ने नूरीन का मुंह दबाया तो वह बेहोश हो गई। इसके बाद शुभम नूरीन को उठाकर धान के खेत में ले गया और पानी में डूबोकर और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। नूरीन की हत्या के बाद शुभम ने तकिये के नीचे से चाबी निकाली और गजाला को बाहर निकाला। उसे वह घर से करीब पांच सौ मीटर दूर गाजीपुर जिले के सादात थाने के मल्हौरा गांव स्थित सरकारी स्कूल के पास ले गया। इस बीत शुभम से गजाला ने अपनी मां के विषय में पूछा तो पहले तो वह टालता रहा। बाद में बताया की उसकी हत्या कर दी हैं। इस बात पर शुभम और गजाला के बीच तकरार हुई। विवाद आगे बढ़ने पर शुभम ने पानी में डूबोकर गजाला की भी हत्या कर दी। एसपी ने बताया कि मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक मेहनाजपुर रमायन सिंह को मुखबिर के जरिए सूचना मिली तो वे बहलोलपुर तिराहा से शुभम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार किया।