राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 233 पर अतरौलिया थाना अंतर्गत बांसगांव के पास शुक्रवार की सुबह ट्रक व डंपर में टक्कर हो गई। इस हादसे में डंफर चालक की मौत हो गई तो वहीं ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतक का शव पंचनामा कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे की कार्यदायी संस्था का डंफर शुक्रवार की सुबह एनएच 233 से बूढ़नपुर की तरफ जा रहा था। अभी वह अतरौलिया थाना अंतर्गत बांसगांव के पास पहुंचा था कि सामने से आ रहे ट्रक से डंफर की टक्कर हो गई। इस हादसे में डंफर चालक रोहित कुमार वर्मा 32 निवासी ग्राम छापर थाना खीरी जिला प्रयागराज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक विष्णु प्रसाद केवट 30 निवासी मध्यप्रदेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर अतरौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं मृतक के शव को पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो बच्चों का पिता था। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। हादसे में बाद एनएच पर आवागमन प्रभावित हो गया था। एसओ अतरौलिया ने तत्काल क्रेन बुलवा कर दोनों वाहनों को मुख्य मार्ग से किनारे करवाकर आवागमन बहाल कराया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।