जिलाधिकारी सुहास एलवाई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रविवार को कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जिस क्षेत्र में पंचायत के चुनाव संपन्न होंगे उस क्षेत्र में मतदान के दिन एक भी चार पहिया और दो पहिया वाहन नहीं चलेंगे।
सभी वोटर पैदल चलकर मतदान केंद्र तक आएंगे। मतदान क्षेत्र में कोई वाहन चलता हुआ मिला तो उसे सील या जब्त करने की कार्रवाई तत्काल करें। मतदान केंद्र के दो सौ मीटर परिधि के अंदर कोई भी एजेंट वोटर, मोबाइल और तरल पदार्थ लेकर नहीं पहुंचेंगे।
इसके अलावा दो सौ मीटर के अंदर कोई भी असामाजिक तत्व प्रवेश नहीं करने पाएगा। इसके साथ ही दो सौ मीटर परिधि के अंदर किसी भी प्रत्याशी का बस्ता नहीं रहेगा और इस परिधि के अंदर यदि किसी व्यक्ति का मकान पड़ता है तो वह अपने दरवाजे पर भीड़ नहीं लगाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी एजेंट अपने साथ मोबाइल नहीं रख सकता है। प्रधान पद के लिए मत पत्रिका का रंग हरा और सदस्य ग्राम पंचायत पद के लिए मत पत्रिका का रंग सफेद होगा। कहा कि विकल्प के तौर पर राशन कार्ड में मुखिया का फोटो लगा रहता है। उसकी पहचान पर उसके परिवार के लोग वोट डाल सकते हैं। लेकिन यदि मुखिया बाहर रहता है या उनकी मृत्यु हो गई है तो उसके परिवार के लोग वोट नहीं डाल सकेंगे।
बाएं हाथ की मध्यमा में लगेगी अमिट स्याही : ग्राम प्रधान पद के चुनाव में मतदाताओं के बाएं हाथ की मध्यमा उंगली में अमिट स्याही लगाई जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र वर्मा ने बताया कि संपन्न हुए पंचायत चुनाव में कई लोगों की उंगलियों पर लगाई गई स्याही का निशान अब तक नहीं मिट पाया है।
प्रधान के नौ और सदस्य के 136 पर्चे खारिज : दूसरे चरण के लिए दाखिल हुए नामांकन पत्रों की जांच रविवार की देर शामहुई। प्रधान पद के नौ और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 136 नामांकन खारिज कर दिए गए। दूसरे चरण में एक दिसंबर को जनपद के पांच ब्लाकों अजमतगढ़, हरैया, बिलरियागंज, महराजगंज और कोयलसा में वोटिंग होनी है।
प्रधान पद के लिए अजमतगढ़ ब्लाक में दो, हरैया में तीन और बिलरियागंज में चार नामांकन खारिज हुए। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 136 नामांकन खारिज हुए। इसमें अजमतगढ़ में 17, महराजगंज में 26, हरैया में 41, बिलरियागंज में 33 और कोयलसा में 19 नामांकन पत्र रद कर दिए गए। सोमवार को नामांकन वापसी के बाद वैध प्रत्याशियों की घोषणा और प्रतीक चिह्न का आवंटन होगा।