जिले के 16 निकायों में मतदान के दौरान दर्जनों लोगों को फर्जी मतदान करने से पहले ही पकड़ लिया गया। जिनमें कई नकाबपोश महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्रों में चक्रमण कर स्थिति पर नजर रखी और हो रहे मतदान के बारे में जानकारी ली। जिले की तीन नगर पालिका मुबारकपुर, बिलरियागंज और आजमगढ़ शामिल है। वहीं 13 नगर पंचायतें निजामाबाद, फूलपुर, माहुल, सरायमीर, मेंहनगर, कटघर-लालगंज, बिलरियागंज, महाराजगंज, जीयनपुर, अजमतगढ़, अतरौलिया, जहानागंज और बूढ़नपुर हैं। इन निकायों में कुल 160 मतदान केंद्र और 532 बूथों पर सुबह सात बजे से मतदान हुआ। फर्जी मतदान रोकने के लिए 17 थानों में स्पेशल टीम गठित की गई थी। जिसमें टीम के पास कई उपकरण थे। जिससे मतदाता की पहचान आसानी से हो रही थी। टीम ने अलग-अलग निकायों से दर्जनों फर्जी मतदाता पकड़े। यह मतदाता फर्जी आइडी से मतदान करने के लिए पहुंचे थे। जिन्हें बायोमेट्रिक तकनीक से पकड़ा गया। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मतदान संपन्न कराने के लिए पुलिस की 17 टीमें लगी रहीं। इनमें महिला कांस्टेबल भी रहीं। चेकिंग के दौरान मुबारकपुर में कई फर्जी मतदाता पकड़े गए हैं जिन्हें हिरासत में लिया गया।