आजमगढ़। बैंकिंग से जुड़ी संस्थाओं ने हमेशा स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील मुद्दों पर आगे बढ़ कर सहयोग दिया है,जब-जब विभाग को इनके सहयोग की अपेक्षा हुई इन्होंने अपना पूरा सहयोग हमें प्रदान किया है। आज डाक्टर्स डे के दिन स्टेट बैंक क्षेत्रीय कार्यालय ने कोविड से जुड़े चिकित्सकीय सामग्रियों की आपूर्ति कर उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का काम किया है। उक्त बाते सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने अपने कार्यालय सभागार में बैंक से मिले संसाधनों को ग्रहण करते हुए कही।
सीएमओ ने कहा कि हमें जानकारी है कि जब पोलियो कार्यक्रम अपने पूरे जोर पर था और पूरी दुनियां में सबसे ज्यादा पोलियो के केस आजमगढ़ में चिह्नित हुए थे, तब भी बैंकर्स ने हमारे कई संवेदनशील बूथों को गोद लेकर अपनी सेवाएं प्रदान की थी। आज फिर कोरोना की विभिषिका से बीतेमाह में तमाम लोग संक्रमित हुए। कईयों की जान भी इस महामारी ने ले ली। इसमें भी बैंकर्स मदद को आगे आए है। यह बैंकर्स की समाज के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस दौरान रीजनल मैनेजर स्टेट बैंक की टीम द्वारा मुख्य चिकित्साधिकारी को इन्फ्रारेड थर्मल स्कैनर 10 पीस, आक्सीमीटर 10 पीस, एन-95 मॉस्क 500 पीस, ग्लव्स 10 बॉक्स, सैनिटाइजर आदि सौंपा गया। इस अवसर पर रीजनल मैनेजर अब्बू हसन अंसारी के साथ मुख्य प्रबंधक अजीत कुमार, चैनल मैनेजर निखिल कुमार, डेस्क आफीसर प्रणव शंकर मिश्र, एसएमई पालीवाल, सीएम एसएमई दानिश के अलावा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संजय कुमार, डॉ वाई के राय, प्रभारी प्रचार प्रसार मनीष तिवारी आदि मौजूद रहे।