लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासन की ओर से हर रविवार को सीएम जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है। रविवार को जब इसकी पड़ताल कराई गई तो कई स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक ही नहीं मिले। वहीं शिकायत पर जांच करने पहुंचे सीएमओ ने पाया कि अहरौला सीएससी में सीएम जन आरोग्य मेले का आयोजन सही ढंग से न करके खानापूर्ति की गई है। उनके द्वारा चिकित्सा अधीक्षक से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
शिकायत पर पहुंचे सीएमओ
अहरौला। रविवार दोपहर लगभग 1:30 बजे जब अमर उजाला की टीम सीएम जन आरोग्य मेले की पड़ताल करने के लिए सीएचसी अहरौला पहुंची, उसी समय सीएमओ डाॅ. आईएन तिवारी भी शिकायत की जांच के लिए धमक गए। शिकायतकर्ता बालमुकुंद सिंह का कहना था कि रविवार को सीएचसी और पीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन होना था। लेकिन, कुशमहरा व भेदौरा पर कोई डाक्टर नहीं है।
सीएचसी रानीपुर में भी नहीं मिला कोई चिकित्सक
बूढ़नपुर। तहसील क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर में रविवार को एक बजे जब अमर उजाला टीम ने सीएम जन आरोग्य मेले की पड़ताल की तो एक भी डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं था। इस संबंध से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर देवानंद यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि किसी काम से बाहर आए हुए हैं। लेकिन, इमरजेंसी में डॉक्टर पीके त्रिपाठी मौजूद हैं।
चिकित्सक नहीं होने पर फार्मासिस्ट ने की ओपीडी
लाटघाट। टीम जब पड़ताल के लिए हाजीपुर अस्पताल पर पहुंची तो वह फार्मासिस्ट बैठकर मरीज देखते और दवाएं वितरित करते मिले। पूछने पर पता चला कि यहां पर कोई डॉक्टर वर्तमान में तैनात नहीं है। जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 12 मरीज पहुंचे थे। फार्मासिस्ट विजय मिश्रा ने बताया कि सभी मरीज जुकाम, खांसी और बुखार के थे। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैदराबाद में कुल 125 मरीज देखे गए। डॉक्टर संजय सिंह और फार्मासिस्ट राकेश सिंह ने मरीजों को देखा और दवा वितरण किया।
प्रचार-प्रसार के अभाव में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का सही ढंग से आयोजन नहीं हुआ था। उपस्थिति पंजिका की जांच की है। प्रसव कक्ष और मिलने वाले भोजन, नाश्ता के बारे में भी जानकारी ली है। मानक के अनुसार काम नहीं पाया गया है। दवा के स्टॉक की भी जांच की गई और सीएचसी अधीक्षक से हमने स्पष्टीकरण मांगा है। स्पष्टीकरण और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डाॅ. आईएन तिवारी, सीएमओ।