सीएम जन आरोग्य मेले का निरीक्षण करते सीएमओ। संवाद
आजमगढ़। जिले के 76 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित हुआ। मेले में कुल 1985 मरीजों का पंजीकरण कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर इलाज किया गया।
मेले में 120 कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श व उपचार उपलब्ध कराया गया। सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा के आरोग्य मेले का जायजा लिया। पीएचसी व्योहारा के चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश चंद्र गुप्ता और फार्मासिस्ट धीरज उपाध्याय अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने इसे लापरवाही मानते हुए दोनों लोगों से तत्काल स्पष्टीकरण तलब करने और उनका वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पीएचसी चेवार, 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का निरीक्षण किए वहां सभी लोग उपस्थित मिले। सीएमओ ने बताया कि आरोग्य मेले में 866 पुरुष, 848 महिलाएं और 271 बच्चे शामिल रहे। पात्र लाभार्थियों के 47 आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। 303 गैस्ट्रो, 303 मधुमेह, 228 त्वचा रोग, 154 श्वसन रोग, 88 उच्च रक्तचाप, 31 लीवर रोग, 26 एनीमिया और 16 टीबी के मरीजों का परीक्षण व उपचार किया गया। इसके अतिरिक्त 85 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व (एएनसी) जांच की गई और 120 कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आमजन को उनके घर के निकट निशुल्क व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वह हर रविवार को आयोजित होने वाले आरोग्य मेले में समय से पहुंच कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएं।