इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को सिधारी स्थित एक होटल में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन करते हुए माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव ने कहा कि चिकित्सक मरीजों की सेवा करता है। वह धरती पर दूसरा भगवान होता है। चिकित्सकों और चिकित्सा प्रतिष्ठानों को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आईएमए एक प्रतिष्ठित संगठन है, इसके चिकित्सकों को भरपूर सहयोग बराबर मिलता रहेगा। आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डा. एपी सिंह ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आईएमए के सभी पदाधिकारी और सदस्य मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्य करते हैं और अपनी पूरी शक्ति आने वाले मरीजों की बीमारियों को ठीक करने में लगाते हैं।
उन्होंने कहा कि चिकित्सक को भगवान का रूप जरूर कहा जाता है लेकिन वह भी मनुष्य ही होता है इस लिए उसकी भी भावनाओं की कद्र करनी चाहिए। उन्होंने आने वाले दिनों आजमगढ़ में आईएमए का अपना भवन होने और ब्लड बैंक के लिए भरपूर सहयोग किए जाने का वादा किया। आईएमए के जिला सचिव डा. अशोक सिंह ने डेढ़ साल का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। अंत में जिलाध्यक्ष डा. निर्मल श्रीवास्तव ने आए हुए मेहमानों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संगठन को और मजबूत बनाए जाने पर बल दिया। सम्मेलन में डा. शार्दुल सिंह, डा. केएन सिंह, डा. आरडी सिंह, डा. हेमबाला यादव, डा. अर्चना मैसी सहित अनेक डाक्टर शामिल रहे।