फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: बिना जांचे फोटो और वीडियो न करें शेयर, अपरिचित से मित्रता न करें

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर बिना परखे किसी भी फोटो और वीडियो को शेयर न करें। अनजाने व्यक्ति से मित्रता न करें। कोई अनजान लिंक आने पर उसे न खोलें। जरा सी सावधानी से ठगी और ब्लैकमेलिंग की घटनाओं से बचा जा सकता है। ये बातें शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हरबंशपुर स्थित मिशन स्कूल ऑफ नर्सिंग में आयोजित पुलिस की पाठशाला में एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने कहीं। उन्होंने छात्राओं को साइबर क्राइम, महिला उत्पीड़न और हेल्प लाइन नंबरों की जानकारी दी। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने कहा कि महिला शक्ति के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090 बनाया गया है। इस नंबर पर महिला ही आपकी बात सुनेगी। छात्राएं, महिलाएं 1090 पर बिना झिझक के अपनी बात कह सकती हैं। अगर अपना नाम, पता गोपनीय रखना चाहती हैं तो यह व्यवस्था भी है। शिकायत पर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होती है। आप सभी हेल्पलाइन नंबरों को याद कर लें अन्यथा लिखकर रख लें। एसपी सिटी ने कहा कि पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं ज्यादा सजग होती हैं। अपराध हमेशा संकेत देता है, अगर आपने उस संकेत को पहचान लिया तो अपराध रोका जा सकता है। आप सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर जागरूक होते हैं तो अपराध कम हो जाएगा। अगर कोई फोन या मैसेज करके, स्कूल-कोचिंग आने-जाने के दौरान रास्ते में परेशान कर रहा है तो हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं। उन्होंने बिना पहचान वाले नंबर से आने वाली वीडियो कॉल रिसीव न करने की अपील की। क्योंकि इस तरह की वीडियो कॉल के बाद ब्लैकमेल करके पैसे मांगे जाते हैं। साथ ही वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने का पाठ पढ़ाया और बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन न चलाने की अपील की। उन्होंने वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108 की जानकारी दी। मिशन स्कूल ऑफ नर्सिंग के प्रबंधक डा. अशोक सिंह ने एसपी सिटी के छात्राओं का मार्गदर्शन करने पर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि एसपी सिटी ने जिन नियमों की सीख दी है, उनको अपने जीवन में अपनाएं। कार्यक्रम का संचालन डा. अजीत पांडेय ने किया। इस अवसर पर संदीप मौर्या, अरुण श्रीवास्तव, अंकुर सिंह, रानी शुक्ला, अर्चना यादव, शिवा यादव, डा. आमीर मुम्मताज, सोनिया यादव व प्रीती यादव सहित आदि उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें