लालगंज। विकास खंड सभागार में रविवार को लालगंज क्षेत्र के ग्राम प्रधानों की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें खेतों में पराली न जलाई जाए इसके लिए लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। साथ ही गांवों में शौचालय आदि का निर्माण गुणवत्तायुक्त कराने को भी कहा गया।
बैठक में प्रधानों से कहा कि लोगों को जागरूक करें कि किसी भी दशा में पराली न जलाएं। पराली जलाने पर जुर्माना और और दंड का प्रावधान है। इसके लिए लोगों को जागरूक करने के लिए लाउडस्पीकर से प्रचार प्रसार करें। साथ ही अगर किसी प्रधान को किसी से कोई समस्या है, कोई रंजिश है या कोई विवाद है तो उसकी भी सूचना तहसील और थाने पर अनिवार्य रूप से दें। ताकि उनके ऊपर निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा सके। शौचालय और पंचायत भवन में यदि कोई समस्या आ रही हो तो उसका तत्काल निराकरण करने के लिए पुलिस बल और राजस्व की टीम दे दी जाएगी। शौचालयों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। गांवों में मतदाता सूची का काम चल रहा है अगर कहीं से कोई समस्या आ रही हो कोई आपको शिकायत मिले तो तत्काल सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को अवगत कराएं। बैठक में प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष, जिला मंत्री, ब्लाक लालगंज के प्रधान संघ अध्यक्ष, एडीओ पंचायत, चौकी प्रभारी लालगंज आदि उपस्थित थे।