शासन की मंशा के अनुरूप मंगलवार को लालगंज तहसील परिसर में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के समक्ष कुल 152 प्रार्थना पत्र आए जिसमें से उन्होंने 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया और शेष को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया।
इस दौरान लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने एक राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को निलंबित करने का निर्देश दिया। इस दौरान कैथी शंकरपुर निवासी विजय नारायण पुत्र स्व. रघुनाथ और बालकृष्ण पांडे द्वारा घूर गड्ढ़े पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने की शिकायत की गई।
व्यवहरा निवासी विजय शंकर सिंह द्वारा अपने कच्चे आवासीय मकान में प्रतिपक्ष द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने की शिकायत की गई। तरवां थाना क्षेत्र के चौकी गजोर की कई दर्जन महिला और पुरुष मौके पर पहुंचकर मरघट, नवीन परती और चकमार्ग की जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाया।
मसीरपुर में पीडब्ल्यूडी की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने पर जिलाधिकारी ने अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। लालगंज के सभासद कृष्ण कुमार मोदनवाल एडवोकेट और सुनील सोनकर द्वारा राजकीय कन्या जूनियर हाई स्कूल लालगंज के भवन जर्जर होने के बाद उक्त भवन में पठन पाठन का कार्य बंद होनरे से हो रही समस्या की शिकायत की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि वरासत दर्ज नहीं होने पर प्रभारी राजस्व निरीक्षक विपिन सिंह और धारा 14 के अंतर्गत 2016 में पैमाइश का आदेश होने के बावजूद पैमाइश न करने पर लेखपाल अजय यादव को निलंबित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व विभाग चकरोड, सरकारी जमीन आदि के निस्तारण में संवेदनशील नहीं है। मौके पर खतौनी ही नहीं पढ़ रहे हैं। गांव में जाएं 10 बजे से 5 बजे तक रहें और विवाद का निपटारा करें।
अगर कोई न माने तो कार्रवाई करें। ग्रामसभा के अवैध कब्जे को हटाएं। उन्होंने कहा कि बुधवार और शनिवार को छह-छह लोगों की टीमें बना कर मामले का निस्तारण किया जा रहा है। ज्यादातर मामले निपट भी रहे हैं।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अजय साहनी, सीडीओ अभिषेक सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके तिवारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी साहित्य निकष सिंह, परियोजना निदेशक दुर्गा दत्त शुक्ल आदि उपस्थित थे।