आजमगढ़। जनपदों में स्वीकृत परियोजनाओं को संबंधित कार्यदायी संस्थाएं समय से प्रारम्भ करें। स्वीकृत जिन परियोजनाओं हेतु भूमि उपलब्ध नहीं हो पा रही है तो इसके लिए तत्काल संबंधित डीएम और एसडीएम से संपर्क कर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। उक्त बातें शनिवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने अपने कार्यालय के सभागार में आयोजित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते समय की। पैकफेड एवं एनएच-233 (लम्बिनी-वाराणसी मार्ग) की प्रगति एवं गुणवत्ता अत्यंत खराब मिलने पर सख्त नाराजगी व्यक्त किया तथा इसके लिए संबंधित पीडी को जिम्मेदार मानते हुए उनके जोनल मैनेजर को तत्काल अवगत कराने का निर्देश दिया। इस दौरान एनएच-24, पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, गोरखपुर-वाराणसी लिंक मार्ग सहित अन्य सड़कों तथा सेतु निगम के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान उन्होंने जल निगम की कई परियोजनाएं भूमि की अनुपलब्धता के कारण अनारम्भ पाए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधीक्षण अभियंता, जल निगम को निर्देशित किया कि संबंधित जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी से तत्काल संपर्क भूमि उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि जो कार्य धनाभाव के कारण अनारम्भ अथवा बाधित हैं, उसके लिए प्रयास करके शीघ्र धनराशि आंटित कराएं। समीक्षा में पाया कि धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग के स्तर कई थानों में बैरकों का निर्माण कार्य बाधित है। इस स्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि इसकी जांच करें तथा संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए स्पष्ट आख्या उपलब्ध कराएं। इसी प्रकार पैकफेड द्वारा तीनों जनपदों में कराए जा रहे निर्माण कार्यों में विगत कई माह से कोई प्रगति नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त किया तथा संयुक्त विकास आयुक्त पीएन वर्मा को निर्देश दिया कि टीएसी के साथ पैकफेड के सभी कार्यों की अद्यतन स्थिति और गुणवत्ता की जांच करें। यदि कार्य मानक और गुणवत्ता के विपरीत पाया जाता है या निर्माण कार्य विलंबित पाया जाता है तो उसके लिए संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए स्पष्ट संस्तुति सहित आख्या उपलब्ध कराए तथा शासन को भी वस्तुस्थिति से अवगत कराएं। संयुक्त विकास आयुक्त पीएन वर्मा, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या तौकीर हुसैन, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग एके मणि, मुख्य अभियन्ता, यूपीपीसीएल अनूप कुमार वर्मा, अधीक्षण अभियन्ता, लोनिवि लालजी यादव, अधीक्षण अभियंता, लोनिवि बलिया सीपी गुप्ता, मंडलीय अर्थ एवं संख्याधिकारी डा. नीरज श्रीवास्तव, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे।