आजमगढ़। जिले में सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो रही है। यह अवधि दो जून तक चलेगी। ज्योतिषीय और मौसम संबंधी मान्यताओं के अनुसार, नौतपा के दौरान सूर्य की किरणें पृथ्वी पर सीधी पड़ती हैं, जिससे भीषण गर्मी और लू का असर बढ़ जाता है। माना जाता है कि नौतपा जितना अधिक तपता है, मानसून उतना ही बेहतर और अच्छी वर्षा वाला होता है। हालांकि, इस बार नौतपा के बीच ही मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, नौतपा के शुरुआती दो दिनों तक तेज धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने के साथ लू चलने की संभावना भी जताई गई है। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा जैसा माहौल देखने को मिल सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय गतिविधियों के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल सकता है। विभाग का अनुमान है कि तीसरे दिन से बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि लू और गर्मी से होने वाली परेशानियों से बचा जा सके।
आज चल सकती है धूल भरी आंधी- आईएमडी की मानें तो सोमवार से मंगलवार की दोपहर तक 50 से 60 किमी की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। नौतपा के दो दिन तापमान के 43 से 45 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। वहीं, बुधवार से तापमान में गिरावट दर्ज करने की आशंका है, जो मई के अंत तक अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास चला जाएगा। इस दौरान हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई गई है।
सुबह उमस, दोपहर बाद मिली राहत - रविवार की सुबह से हवा बंद रही। इसके चलते उमस बरकरार रही। तेज धूप के बीच लोग पसीने से तर-बतर नजर आए। दोपहर करीब 12 बजे के बाद मौसम का रुख बदला और पछुआ हवा चलने लगी। इसके बाद बाहर मौसम गर्म तो हो गया पर लोगों को उमस और पसीने से काफी हद तक राहत मिली। दिन में 15 किमी की गति से पछुआ हवा चलती रही। पछुआ हवा चलने का असर रहा कि बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया।
पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। सोमवार को कुछ जिलों में तेज हवाएं और बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद इसके कई दिनों तक सक्रिय रहने से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। अतुल कुमार सिंह, प्रभारी राज्य मौसम विभाग।
नौतपा में दो-तीन दिन चलेगी लू-सोमवार से शुरू हो रहे नौतपा के शुरुआती दो दिनों के लिए मौसम विभाग ने उष्ण लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार व मंगलवार को तापमान के बढ़ने और तपिश की संभावना जताई गई है। इसको लेकर प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। सभी तहसीलों के एसडीएम और तहसीलदार को अलर्ट कर दिया गया है। इस दौरान तापमान के 45 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना जताई गई है।