जिला अस्पताल परिसर स्थित पुराने शवगृह के पीछे भारी संख्या में फेंकी गई एक्सपायरी दवाओं के मामले में एडी ने जिला अस्पताल के औषधि स्टोर इंचार्ज को हटाने, एसआईसी को पत्र भेज कर प्रकरण की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने और स्टाॅक रजिस्टर सील करने का निर्देश दिया है। उधर, एडी के निर्देश पर औषधि स्टोर के इंचार्ज को पद से हटा कर दूसरे को चार्ज दे दिया गया है। शनिवार के बाद मंगलवार को भी भारी मात्रा में एक्सपायर दवा फेंकी हुई पाई गई थीं। जिसे अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने गंभीरता से लेते हुए एसआईसी से प्रकरण में आख्या तलब की। इसके साथ ही वर्तमान स्टोर इंचार्ज को हटा कर दूसरे को चार्ज देने व स्टाक रजिस्टर को तत्काल प्रभार से सील करने का निर्देश दिया है। एडी हेल्थ के निर्देश पर अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रभारी एसआईसी डॉ. रीता दुबे ने तत्काल प्रभाव से औषधि स्टोर इंचार्ज अनिल राय को उनके पद से हटाते हुए ट्रामा सेंटर में प्लास्टर रूम का इंचार्ज बना दिया। वहीं औषधि स्टोर के इंचार्ज की जिम्मेदारी अब चीफ फार्मासिस्ट शिव प्रसाद यादव को दी गई है। दवा प्रकरण में एडी हेल्थ के सक्रिय होने से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।