आजमगढ़। जनवरी माह में जन शिकायतों के निस्तारण के मामले में डीआईजी रेंज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम रैंक हासिल की है। रेंज स्तर पर प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण कर डीआईजी कार्यालय ने मिसाल कायम की है। वहीं जिलास्तर पर एसपी बलिया और मऊ भी अव्वल रहे, जबकि एसपी आजमगढ़ अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए और पिछड़ गए। आईजीआरएस मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार, डीआईजी रेंज आजमगढ़ को जनवरी माह में कुल 120 जन शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से सभी 120 शिकायतों का निस्तारण कर शत-प्रतिशत सफलता हासिल की गई। इसी तरह एसपी बलिया और एसपी मऊ के स्तर पर भी उत्कृष्ट कार्य देखने को मिला। दोनों जिलों में 135-135 शिकायतें दर्ज हुईं और सभी शिकायतों का समय से निस्तारण किया गया, जिससे इन्हें भी शीर्ष रैंक प्राप्त हुई।इसके विपरीत एसपी आजमगढ़ का प्रदर्शन औसत से नीचे रहा। एसपी आजमगढ़ को जनवरी माह में कुल 125 जन शिकायतें मिली थीं, जिनमें से 120 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। शेष शिकायतों के लंबित रहने के कारण एसपी आजमगढ़ को प्रदेश की रैंकिंग में 72वां स्थान मिला है। जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसका सीधा असर आम जनता के विश्वास और संतुष्टि पर पड़ता है। ऐसे में डीआईजी रेंज, एसपी बलिया और मऊ का प्रदर्शन सराहनीय माना जा रहा है, जबकि एसपी आजमगढ़ को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता बताई जा रही है।
जनवरी माह की आईजीआरएस मूल्यांकन रिपोर्ट
जिला/परिक्षेत्र - पूर्णांक - प्राप्तांक - प्रतिशत - रैंक
1- डीआईजी आजमगढ़ - 120 - 120 - 100 - 01
2- एसपी मऊ - 135 - 135 - 100 - 01
3- एसपी बलिया - 135 - 135 - 100 - 01
4- एसपी आजमगढ़ - 125 - 120 - 96 - 72
जन शिकायतों का निस्तारण पहली प्राथमिकता में शामिल है। सभी लोगों को न्याय मिले, यही प्रयास होना चाहिए। सभी जिलों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निर्देश दिए गए हैं, ताकि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर ढिलाई न रहे।
सुनील कुमार सिंह, डीआईजी रेंज आजमगढ़।