निजामाबाद कस्बे में स्थित है ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब निजामाबाद में चल रहे तीन दिवसीय सालाना जोड़ मेले के दूसरे दिन शनिवार को हजारों की संख्या में लोगों ने मत्था टेका और प्रसाद ग्रहण किया। दूसरे दिन गुरु का ताल आगरा से आए संत बाबा प्रीतम सिंह जी के नेतृत्व में और गुरुद्वारे के जत्थेदार बाबा सतनाम सिंह जगदीश सिंह के सहयोग से सिख परिवार के बहादुर सिपाहियों ने शस्त्र कला का हैरत अंगेज प्रदर्शन किया।
सबसे पहले ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब में नगर कीर्तन के साथ कीर्तन की धुन पर कलाकारों ने शस्त्र कला का प्रदर्शन किया। उसके बाद जनता इंटर कॉलेज होते हुए शिवाला घाट, शाह गोला दीवान मार्ग, नई सड़क सब्जी मंडी, ठाकुरद्वारा चौक पोस्ट ऑफिस के रास्ते गुरुद्वारे में जाकर समाप्त हुआ। जगह-जगह करतब शस्त्र कला प्रदर्शन करने वाले कलाकारों के लिए नगर वासियों ने शरबत की व्यवस्था की और उनके ऊपर फूल बरसाए। मुख्य कलाबाजी में तलवारबाजी, लाठी भांजना, आंख पर पट्टी बांधकर नारियल तोड़ना, आंख पर पट्टी बांधकर केले को तलवार से काटना, गोल चकली घुमाना, वेद घुमाने के करतब दिखाए। करतब बाजी और कलाबाजी को देखने के लिए हजारों की संख्या में बाहर से भी लोग ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब पहुंचे और जगह-जगह मार्ग के दोनों तरफ एकत्रित होकर कलाबाजी और करतबाजी को देखा। कलाकारों के हैरतअंगेज प्रदर्शन को लोगों ने सराहा और तालियां बजाकर उनका उत्साह वर्धन भी किया। आगरा से आए संत बाबा प्रीतम सिंह जी ने सभी का आभार व्यक्त किया। रात में ट्रेन सभाएं और कीर्तन का आयोजन भी किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से भारी मात्रा में जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।