पुलिस और पीएसी के जवानों के लिए प्रेरणा का स्रोत पुलिस ध्वज सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित सभी थानों और पीएसी कैंप में फहराया गया। पुलिस कार्यालय में झंडा फहराने के बाद एसपी राकेश चंद्र साहू ने जवानों को कर्तव्य परायणता का पाठ पढ़ाते हुए सेवाभाव से ड्यूटी करने का संकल्प दिलाया।
ध्वजारोहण के बाद एसपी राजेश चंद्र साहू ने मौजूद लोगों को झंडा और इस दिन के महत्व की विशेषता बताया। उन्होंने कहा कि झंडा तो अलग-अलग रुप में तमाम एजेंसियों को मिला है। लेकिन पुलिस और पीएसी के लिए यह ध्वज देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु ने 23 नवंबर 1952 को अपने कर कमलों से दिया था। यह सम्मान सिर्फ हमारे प्रदेश की ही पुलिस को मिला है।
यह ध्वज हमारे जवानों के लिए गौरव के साथ-साथ कर्तव्य का भी बोध कराता है। इसलिए पुलिस और पीएसी जवानों के जीवन में इस दिन का विशेष महत्व है और इस दिन प्रत्येक कार्यालयों पर यह ध्वज फहराया जाता है। इस अवसर पर एसपी ग्रामीण अशोक वर्मा, एसपी नगर विनोद कुमार, एसपी ट्राफिक एच रहमान, सीओ नगर डा. केके सरोज के अलावा नियंत्रित कक्ष एवं पुलिस अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।