धान की रोपाई का मौसम करीब है और राजकीय नलकूपों की हालत जर्जर है। कहीं यांत्रिक दोष तो कहीं विद्युत दोष के कारण नलकूप बंद पड़े हैं। कई तो ऑपरेटर न होने के कारण बंद पड़े हैं। ऐसे में धान की रोपाई किस प्रकार होगी, इसकी चिंता किसानों केे खाए जा रही है। ऐसा लगा रहा है कि इस बार भी मानसून के भरोसे धान की खेती की जाएगी।
जनपद में स्थित 483 राजकीय नलकूपों में से वर्तमान में लगभग 40 किसी न किसी वजह से खराब हैं। जिले के सभी राजकीय नलकूपों को चलाने की जिम्मेदारी 120 ऑपरेटरों के जिम्मे हैं। एक ऑपरेटर के पास कई ट्यूबवेलों का चार्ज है। वहीं, अगर ब्लाकों में लगे राजकीय नलकूपों की स्थिति पर गौर करें तो सबसे अच्छी हालत में कोयलसा, पवई और फूलपुर ब्लॉक है। फूलपुर में एक, पवई में 17 और कोयलसा में 17 राजकीय नलकूप हैं।
वर्तमान समय में सभी नलकूप ठीक ढंग से संचालित हो रहे हैं। वहीं, सबसे खराब हालत मार्टीनगंज में लगे राजकीय नलकूपों की है। ब्लॉक क्षेत्र में लगे तीन नलकूपों में तीनों बंद चल रहे हैं। एक नलकूप पर ऑपरेटर नहीं है तो वनगांव में लगे नलकूप की बिजली बिल न जमा होने से कनेक्शन कटा है। पल्हना ब्लॉक में एक भी राजकीय नलकूप नहीं है। कुंभ गांव में नलकूप की बोरिंग खराब है। इन गांवों में किसानों के सामने सबसे ज्यादा सिंचाई के लिए पानी का संकट है।
जनपद में कृषि क्षेत्रफल तीन लाख हेक्टेअर है। दो लाख 86 लाख हेक्टेअर क्षेत्रफल सिंचित है। सिंचाई के लिए 77 प्रतिशत किसान ट्यूबवेलों पर निर्भर हैं। जिसमें से 25 प्रतिशत विद्युत से संचालित और 52 प्रतिशत डीजल पंपिंग सेटों से सिंचाई पर निर्भर है। विद्युत ट्यूबवेलों में लगभग साढ़े तीन प्रतिशत किसान राजकीय नलकूपों से सिंचाई पर निर्भर हैं। - बसंत दुबे, जिला कृषि अधिकारी
जिले में कुल 483 राजकीय नलकूप हैं। 16 नलकूप खराब हैं। पांच नलकूप यांत्रिक और 11 नलकूप विद्युत दोष के कारण बंद पड़े हैं। 15 दिनों के अंदर इनकी मरम्मत कर चालू कर दिया जाएगा। 40 खराब नलकूपों में ज्यादातर बेकार हैं। - एसपी सिंह, नलकूप खंड के अधीक्षण अभियंता
ब्लॉक नलकूप स्थिति
मुहम्मदपुर 07 एक खराब
जहानागंज 13 तीन खराब
महराजगंज 162 जांच नहीं
मार्टीनगंज 03 तीनों खराब
तहबरपुर 06 चार खराब
अहरौला 12 दो खराब
पवई 17 सभी ठीक
मिर्जापुर 09 पांच खराब
कोयलसा 17 सभी ठीक
अजमतगढ़ 53 दो खराब
ठेकमा 10 तीन खराब
लालगंज 02 एक खराब
हरैया 80 10 खराब
सठियांव 37 चार खराब
रानी की सराय 13 आंकड़े नहीं
अतरौलिया 32 एक खराब
बिलरियागंज 36 जांच नहीं
मेंहनगर 06 एक खराब