जिले की सड़कों पर अनफिट स्कूली वाहन दौड़ रहे हैं। स्कूली वाहनों की फिटनेस कराने में शिक्षण संस्थान लापरवाही और मनमानी कर रहे हैं। वहीं परिवहन विभाग के अफसर भी इसके लिए जिम्मेदार हैं। जिले में 200 से अधिक अनफिट वाहन धड़ल्ले से चलाए जा रहे हैं। इससे नौनिहालों की जान खतरे में है।
एआरटीओ कार्यालय की ओर सभी स्कूली वाहनों को नोटिस भेजकर फिटनेस संबंधित प्रमाण पत्र लेने को कहा गया था। विभाग की ओर से अनफिट स्कूली वाहनों का पंजीयन निरस्त करने की भी चेतावनी दी गई है। एआरटीओ प्रशासन सतेंद्र कुमार यादव ने बताया कि करीब 250 स्कूली वाहनों को नोटिस जारी किया गया है। इनमें बहुत से वाहनों ने फिटनेस करा भी लिया है। इसके बाद भी जो फिटनेस नहीं कराएंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी।