अंबारी। फूलपुर तहसील क्षेत्र के हुब्बीगंज-राजापुर और बीबीगंज गांव के मध्य भुनगा नदी पर बने पुल के चौड़ीकरण और सड़क की ऊंचाई बढ़ाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। हुब्बीगंज राजापुर और बीबीगंज के मध्य में भुनगा नदी पर बना पुल और सड़क काफी नीचे होने के कारण बरसात का पानी ऊपर से बहता है। इससे आवागमन बाधित हो जाता है। गांव से गुजरने वाली भुनगा नदी आगे जाकर कुंवर नदी में मिलती जाती है। बीबीगंज गांव के दक्षिण तथा राजापुर गांव के उत्तर स्थित वर्षों पुराना नदी पर बना पुल जीर्ण-शीर्ण हो चला है। पुल की ऊंचाई न होने से वर्षा के दिनों में लगातार कई दिन तक वर्षा होती है, तो पानी पुल और सड़क पर चढ़ कर बहता है। इससे आवागमन बाधित हो जाता है। हुब्बीगंज-पलिया मार्ग लचार किमी लंबा है। तमाम गांवों के राहगीर अपने वाहनों से इसी मार्ग से प्रतिदिन आते जाते हैं। ग्रामीणों ने उंचाई बढ़ाकर और पुल को चौड़ा करने के लिए प्रदर्शन किया। इस मौके पर संजय राजभर, परमेश राजभर, लक्ष्मी गौड़, राजाराम, अच्छेलाल, जयप्रकाश यादव, अरुण कुमार, महेंद्र यादव, सुधना देवी, परमदेई आदि रहे।