मुबारकपुर। नगर पालिका मुबारकपुर की लापरवाही के कारण सफाई न होने से नाले का पानी ओवर फ्लो होकर किसानों के खेतों में बह रहा है। शनिवार को नूरपुर सराय हाजी गांव में ग्रामीणों ने नपा के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके बाद नपा के ईओ को पत्रक सौंपा।
कस्बा मुबारकपुर के घरों से निकलने वाला गंदा पानी तमसा नदी में गिरता है। इसके लिए नूरपुर सराय हाजी, आदमपुर, टड़ियाखन, प्यारेपुर, अतरडीहा, नरांव गांव से होते हुए तमसा नदी तक कच्चा नाला बना है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि घास पूस और कचरे से नाला पूरी तरह से जाम हो चुका है। वहीं नगर पालिका प्रशासन ने नाले की सफाई नहीं की है। जिसके कारण नाला ओवर फ्लो होकर किसानों के खेतों में गंदा पानी बह रहा है।
किसानों ने बताया कि हर बार बोआई के सीजन में खेतों में पानी भर जाता है। इससे जहां खेतों की बोआई नहीं हो पाती है वहीं, गंदा पानी खेतों में फैलने से मच्छर जनित रोगों का भी खतरा बढ़ गया है। सूचना पाकर नपा के कर्मचारी राजन चौधरी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को जल्द नाला सफाई का आश्वासन देकर किसी प्रकार से शांत कराया।
उधर ग्रामीणों ने भी ईओ को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कच्चे नाले की सफाई कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में जीता यादव, सुबास यादव, राम आसरे यादव, राजकरन, राम लखन, मूलचंद यादव आदि मौजूद रहे।