भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय राजनैतिक अभियान भाजपा हटाओ देश बचाओ के तहत सोमवार को कार्यकर्ताओं ने जिला सचिव जितेंद्र हरि पांडेय के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन को सौंपा गया। जिला सचिव अधिवक्ता जितेंद्र हरि पांडेय ने कहा कि मोदी सरकार ने सत्ता में आने से पूर्व जो नारे दिये थे, उस पर वह पूरी तरह विफल है। मोदी के दूसरे कार्यकाल में जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं वहां बीजेपी को पराजय का सामना करना पड़ा। कर्नाटक के चुनाव में भी उसे मुंह की खानी पड़ी है। इम्तेयाज बेग ने कहा कि प्रदेश में योगी और देश मे मोदी सरकार संवैधानिक स्थिति को लचर करते हुये मनमानी कर रही हैं। मजदूरों, किसानों, विद्यार्थियों, नवजवानों के असली सवालों पर सरकार चुप्पी साधे है। हरिगेन राम ने कहा कि जातीय जनगणना के सवाल पर सरकार चुप्पी साधे हुये है। खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष खरपत्तू राजभर ने कहा कि भाकपा की मांग है कि राज्यपालों का पद समाप्त किया जाये। मजदूरों, किसानों के हक अधिकार की रक्षा की जाये। इस मौके पर मो.शेख ओबेदुल्ला, परीक्षित सिंह, रामनेत यादव, जियालाल, श्यामा प्रसाद शर्मा, चंद्रमोहन, मंगलदेव आदि उपस्थित थे।