प्रशासन ने गिरवाया रुद्र प्रताप पॉलीटेक्निक कालेज।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश की टॉप टेन सूची में शामिल कुख्यात अपराधी ध्रुव कुमार सिंह कुंटू के आजमगढ़ के देउपुर कमालपुर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज को गिराने की कार्रवाई शुक्त्रस्वार देर रात तक चलती रही। कालेज की इमारत को जमींदोज करने के बाद ही इस काम में लगी 6 जेसीबी और 2 पोकलेन मशीनें वापस हुईं। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अमला मोर्चा संभाले रहा।
ध्वस्त की गई संपत्ति की कीमत लगभग 10 करोड़ बताई गई है। सगड़ी तहसील के देउपुर कमालपुर स्थित कुंटू के कालेज रुद्र प्रताप पॉलिटेक्निक कॉलेज को गैंगेस्टर एक्ट के तहत जिला प्रशासन ने जब्त किया था। नक्शा पास नहीं होने पर जिला पंचायत ने इसके ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया था।
शुक्रवार को कमिश्नर ने कालेज प्रबंधन की ओर से दाखिल अपील खारिज कर दी थी। कमिश्नर के आदेश के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला पॉलिटेक्निक कॉलेज की इमारत को गिराने के लिए पहुंच गया। शुक्रवार देर शाम शुरू हुई इमारत को गिराने की कार्रवाई देर रात एक बजे तक चली।
इमारत को गिराने के लिए 6 जेसीबी और दो पोकलेन लगाई गई थीं। इसके बाद ही प्रशासनिक अमला वापस लौटा। शांति व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस तैनात रही। किसी को भी इमारत के आसपास नहीं आने दिया गया। गैंगेस्टर एक्ट में प्रशासन अभी तक कुंटू की 12.5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुका है।