अधिवक्ता के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वकीलों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। फूलपुर एसडीएम न्यायालय के समक्ष चल रहा अधिवक्ता संघर्ष समिति का धरना बुधवार को भी जारी रहा। वकीलों ने चेतावनी दी कि जब तक हत्यारे गिरफ्तारी नहीं हो जाती धरना जारी रहेगा।
फूलपुर तहसील परिसर में समिति के अध्यक्ष रामनारायन यादव की अध्यक्षता में वकील धरने पर बैठे हैं। अध्यक्ष रामनारायन यादव ने कहा कि पुलिस की शिथिलता के चलते एक पखवारा बीत जाने के बाद अभी भी मुन्नी लाल के हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होगी तो वकील सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से स्व. मुन्नीलाल के परिवार को अर्थिक सहायता के रुप में 20 लाख रुपये दिए जाने की मांग की। इस दौरान आक्रोशित अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे बाजी की।
संचालन रमाशंकर ने की। इस मौके पर उमेश कुमार सिंह, सतीशचंद्र, प्रदीप कुमार, इश्तियाक अहमद, अब्दुल अहद, पीसी लाल, लालचंद्र, रामअजोर, कमलेश, जितेंद्र कुमार, शमीम काजिम आदि मौजूद रहे।