निजामाबाद टाउन एरिया में आटो चालकों से की जा रही अवैध वसूली के विरोध में शुक्रवार को आटो रिक्शा चालक समिति ने जिलाधिकारी सुहास एलवाई को संबोधित ज्ञापन डीडीसी ऋतु सुहास को सौंपा। साथ ही मांग पूरी न होने पर आटो के संचालन को ठप करने की चेतावनी दी। अध्यक्ष कृपाशंकर पाठक ने कहा कि उच्च न्यायालय तथा जिलाधिकारी के आदेश के बाद भी निजामाबाद नगर पंचायत में अभी भी आटो चालकों से अवैध तरीके से वसूली जारी है। उन्होंने जिलाधिकारी से उक्त मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में छोटेलाल, प्रभु नारायण पांडेय, अनिल सिंह, कन्हैया लाल, चंद्रशेखर यादव आदि आटो रिक्शा चालक मौजूद थे।