आजमगढ़। शहर के निचले इलाकों से बरसात का पानी निकालने को लेकर शहर में नपा प्रशासन के छह पंप है। जिसमें पांच का तो नपा ने जीर्णोद्धार करा दिया है जबकि मड़या वार्ड में मछली मंडी के पास स्थित पंप हाऊस अब तक ठीक नहीं हो सका है। जिसे ठीक कराने की मांग सभासद व वार्ड वासियों ने किया है। जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में सभासद रीता देवी, पूर्व सभासद मुखराम निषाद ने आरोप लगाया कि शारदा तिराहा मछली मंडी के पास स्थित पंप हाऊस वर्षो से बंद पड़ा है। नपा प्रशासन ने इसे अब तक ठीक नहीं कराया है। बरसात के मौसम की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में इस पंप हाऊस के ठीक न होने से ऑफिसर्स कॉलोनी से लेकर वार्ड का एक बड़ा इलाका जल जलाव की चपेट में हर साल आता है। नपा प्रशासन धनाभाव की बात कहते हुए इसे ठीक नहीं करा रहा है, वहीं जिला प्रशासन को यह रिपोर्ट भेज दी गई है कि शहर के सारे पंप ठीक हो गए है। पत्रक सौंपने वालों में रवि सिंह, संजय निषाद, मुन्ना निषाद, राजेश, सुरेश, शिव प्रसाद, लक्ष्मण आदि शामिल रहे। वहीं इस बाबत पूछे जाने पर ईओ मनोज कुमार ने बताया कि कार्ययोजना में शहर के पांच पंप हाऊस शामिल थे, जिसे दुरूस्त करा दिया गया है। जल्द ही इस मछली मंडी वाले पंप की भी कार्ययोजना बना कर ठीक करा दिया जाएगा।