आजमगढ़। जन किसान कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने सोमवार को किसान समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। समिति ने जिलाधिकारी के माध्यम से 12 सूत्री मांग पत्र राष्ट्रपति को भेजा। ज्ञापन में खाद, बीज, पानी, बिजली निशुल्क देने की व्यवस्था करने, गलत बिजली बिलों की जांच कराने, उत्तर प्रदेश में भी शराब बंदी लागू किए जाने तथा 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को पेंशन दिए जाने आदि की मांगें शामिल हैं।
समिति के लोगों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं की गई तो धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। समिति के अध्यक्ष कृपाशंकर पाठक ने कहा कि देश व प्रदेश में किसानों की समस्याएं, भ्रष्टाचार रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। नशा उन्मूलन का कार्य सिर्फ कागजों में चल रहा है और सरकार अपनी आय बढ़ाने में लगी है। उन्होंने किसानों की जमीन संबंधी विवादों के निपटारे के लिए कमेटी का गठन किए जाने की मांग की। किसानों को खाद, बीज, पानी, बिजली निशुल्क देने की व्यवस्था करने, गलत बिजली बिलों की जांच कराने, उत्तर प्रदेश में भी शराब बंदी लागू किए जाने तथा 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को पेंशन दिए जाने की मांग की। इस अवसर पर रूपचन्द्र मौर्य, छोटेलाल, धीरेन्द्र यादव, मनोज यादव, शाहिद यादव, कैलाश, राजेन्द्र प्रसाद, गोवर्धन, मुकेश लाल, सत्यनारायण, विंध्याचल शुक्ला आदि मौजूद रहे।