आजमगढ़। नगर पालिका परिषद के सभागार में बृहस्पतिवार को बोर्ड बैठक हुई। इसमें जिला योजना समिति के सदस्य व गुरुटोला के सभासद मोहम्मद अफजल ने जनहित के छह प्रमुख मुद्दों को उठाया। इस दौरान गायब पत्रावलियों पर चर्चा कराने की मांग भी की गई। उन्होंने पालिका की वर्तमान निधि, 15वें वित्त आयोग, राज्य वित्त आयोग व अन्य निधियों का पूर्ण विवरण मांगा। साथ ही सफाई व प्रकाश विभाग की निविदा प्रक्रिया, लिपिक संवर्ग व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की सूची, स्वीकृत परियोजनाओं का विवरण, ठेकेदारों व सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान की स्थिति और जन्म-मृत्यु विभाग में लापरवाही से गायब पत्रावलियों पर चर्चा की मांग की। नियम विरुद्ध पदोन्नति पाए कर्मचारियों की सूची और सीनियर कर्मचारियों की स्थिति स्पष्ट करने पर जोर दिया। इसके अलावा, कर पर लगने वाले 12 प्रतिशत सरचार्ज को हटाकर केवल कर वसूली की मांग की। नरौली वार्ड के सभासद संतोष चौहान ने नाला व नालियों की सफाई में लापरवाही का मुद्दा उठाया और चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो नगर पालिका परिसर में आंदोलन करेंगे। उन्होंने आवासीय व व्यावसायिक स्वकर को अत्यधिक बताते हुए गाजीपुर के सर्किल रेट के आधार पर स्वकर प्रणाली लागू करने की मांग किया।