कुंवर सिंह उद्यान में रविवार को उत्तर प्रदेशीय सहायता प्राप्त अनुसूचित जाति प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन की बैठक हुई। जिसमें समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित 83 विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
साथ ही आठ माह से बकाया मानदेय के जल्द से जल्द भुगतान की मांग की। बैठक की अध्यक्षता कर रहे हंसराज यादव ने कहा कि कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई। लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर बकाया मानदेय के भुगतान सहित अन्य मांगे पूरी नहीं होती हैं तो एसोसिएशन आंदोलन को बाध्य होगा।
बैठक का संचालन रामसुधारे राम ने किया। इस मौके पर रामचंद्र, चंद्रभान, सुरेंद्र, रामजीत, सावित्री, गिरिजा, जगदीश आदि शिक्षक मौजूद थे।