दीदारगंज के पिपरौला में सामुदायिक शौचालय के अधूरे कार्य को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। मार्टीनगंज विकास खंड के पिपरौला गांव में अर्धनिर्मित सामुदायिक शौचालय के निर्माण को पूरा कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। साथ ही ग्रामीणों ने निर्माण में धांधली का आरोप भी लगाया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सामुदायिक शौचालय निर्माण में घोर अनियमितता बरती गई। कागज में शौचालय का निर्माण पूरा है। जबकि शौचालय निर्माण में बहुत कार्य बाकी है। शौचालय में पानी की कोई व्यवस्था नहीं है, पानी की टंकी भी नहीं रखी है। शौचालय के गड्ढे अपूर्ण हैं। प्रकाश की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां तक शौचालय पर दरवाजा भी नहीं है। जलनिकासी की व्यवस्था ना होने से शौचालय के सामने जलजमाव है। ग्रामीणों ने कहा कि सामुदायिक शौचालय निर्माण में बरती गई लापरवाही की जांच कराकर कार्य पूरा कराकर इसे चालू कराया जाए। प्रदर्शन के दौरान मनोज राय, रामचंद्र, शास्त्री, श्याम बहादुर, लल्लन राजभर, अभिषेक, दीपक, दिलशान, सचिन, रामकिशोर, लवटू राम आदि ग्रामीण उपस्थित थे।