आजमगढ़। अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम की मांग को लेकर आल इंडिया रूरल बार एसोसिएशन की ओर से निकाली गई अधिवक्ता सुरक्षा यात्रा शुक्रवार को आजमगढ़ पहुंची। अधिवक्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल और राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार तिवारी महेश के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जुटे अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय परिसर व कलेक्ट्रेट कचहरी में सुरक्षा अधिनियम पारित कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
दीवानी न्यायालय परिसर में सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन कार्यालय के सामने अधिवक्ताओं ने बैनर–पोस्टर के साथ जोरदार प्रदर्शन कर सरकार से संसद में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम विधेयक पेश करने की अपील की। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन सभागार में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा कि संसद सत्र जारी है और सरकार को तुरंत अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को लोकसभा और राज्यसभा में पेश करना चाहिए। उ
राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार तिवारी महेश ने प्रस्तावित सुरक्षा अधिनियम में बुजुर्ग अधिवक्ताओं के लिए पेंशन, युवा अधिवक्ताओं को प्रोत्साहन भत्ता तथा महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षण जैसे प्रावधानों का मसौदा अधिवक्ताओं को विस्तार से समझाया। बैठक की अध्यक्षता सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव और संचालन मंत्री नीरज द्विवेदी ने किया। वहीं लालगंज तहसील परिसर में वरिष्ठ अधिवक्ता समर बहादुर सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ता सुरक्षा यात्रा का स्वागत किया गया, जहां अधिवक्ताओं ने सुरक्षा अधिनियम की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।