जिलाधिकारी सुहास एलवाई की अध्यक्षता में मंगलवार को सदर तहसील परिसर में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी के सामने विभिन्न विभागों के 135 वाद प्रस्तुत हुए जिनमें से 11 वादों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष को संबंधित विभागों को निस्तारित करने के लिए भेजा गया।
आवेदन देने वालों में एक ने लालडिग्गी बंधे पर स्थित नाले पर कब्जा करने की शिकायत डीएस से किया। डीएम ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने निर्माण को तत्काल रोकवाने का आदेश एसडीएम सदर को दिया। इसके अलावा नाले पर हुए अन्य निर्माण को भी ढहाने का आदेश दिया।
अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाए। बोले कब्जा हटाने में जहां पुलिस बल की जरूरत हो वहां पुलिस बल के साथ जाकर अवैध कब्जा हटवाएं। इसी प्रकार वरासत के मामले में भी विशेष सतर्कता बरती जाए।
सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली मुहल्ला निवासी अरविंद कुमार यादव पुत्र स्व. दशरथ यादव ने नवीन परती भूमि पर कब्जा करने का शिकायती पत्र सौंपा। इसी क्रम में माया शंकर सिंह एडवोकेट कलेक्ट्री कचहरी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर बताया कि मातबरगंज मुहल्ले में स्थित लाल डिग्गी बांध (गणेश मंदिर) स्थित पूरे नगर के पश्चिम इलाके का पानी कोल बाजबहादुर एवं कोल पांडेय की पूर्वी सीमा पर नाला पुरानी टौंस नदी से निकलकर बागेश्वरनगर रोडवेज के पीछे होते हुए टौंस नदी में मिलता है।
इस भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। इस मौके पर एसपी आकाश कुलहरी, सीडीओ अनिल कुमार मिश्र, आईएएस अधिकारी संजीव सरन, सीएमओ डा. वीबी सिंह, एसडीएम सदर अयोध्या प्रसाद, डीएफओ एससी त्रिपाठी आदि अधिकारी रहे।