आजमगढ़। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतगणना का कार्य रविवार को जनपद के 22 विकास खंडों में सुबह आठ बजे से शुरू होगा। जनपद चार पदों की कुल 26866 सीटें हैं जिन पर कुल 29235 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं। रविवार को इन प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों से बाहर आएगा।
जनपद में पंचायत चुनाव के तहत सदस्य ग्राम पंचायत, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 19 अप्रैल को मतदान का कार्य संपन्न कराया गया था। जिसमें ग्राम पंचायत सदस्य के 22820 पदों पर 7036 प्रत्याशी, ग्राम प्रधान के 1858 पदों पर 11594 प्रत्याशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 2104 पदों के लिए 9485 और जिला पंचायत सदस्य के 84 पदों के लिए 1120 प्रत्याशी मैदान में हैं। रविवार को इन प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों से बाहर आएगा। मतगणना की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतगणना के लिए समस्त विकास खंडों में न्याय पंचायतवार टेबल लगाए गए हैं। एक न्याय पंचायत में चार टेबल लगाई गई हैं। प्रत्येक टेबल पर पांच कर्मियों की तैनाती गई है। जिला प्रशासन मतगणना को सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा हुआ है। मतगणना का कार्य रविवार की सुबह आठ बजे से शुरू होकर मतगणना पूरी होने तक अनवरत जारी रहेगा।