सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली के ओलमापुर गांव निवासिनी एक महिला की बुधवार की देर रात संदिग्धावस्था में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा मृतका की पिटाई करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ओलमापुर गांव निवासी गायत्री देवी (49) बुधवार की रात घर पर मौजूद थी। इसी दौरान पड़ोसी रामसूरत नशे में धुत होकर पहुंचा और गाली-गलौज देने लगा। यह सुन कर गायत्री देवी घर के बाहर निकली और रामसूरत को ऐसा करने से मना करने लगी। जिस पर रामसूरत व गायत्री देवी में कहासुनी व गाली-गलौज होने लगी। इसी दौरान गायत्री देवी अचानक से गिरी और उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि रामसूरत ने गायत्री देवी को मारा जिससे वह गिरी और दम निकल गया। परिजनों की सूचना पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका एक पुत्र व एक पुत्री की मां थी।