थाना क्षेत्र के मोमारिखपुर गांव में बुधवार की सुबह एक मजदूर की स्थानीय क्लीनिक में उपचार के दौरान मौत के बाद उसके परिवारवालों ने हंगामा कर दिया। डाक्टर के खिलाफ गलत इलाज करने की तहरीर मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के मोमारिखपुर गांव निवासी रामअवतार राम (42) मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार की सुबह वह शौच कर लौटा तो उसके सिर में तेज दर्द होने लगा। पड़ोस के लोग उसे गांव की क्लीनिक में ले गए। डाक्टर ने उसे इंजेक्शन लगाया। थोड़ी देर बाद रामअवतार की तबियत और खराब हो गई। अभी लोग उसे किसी और अस्पताल ले जाते तब तक उसने दम तोड़ दिया।
इससे रामअवतार के सगे संबंधी हंगामा करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर एसओ रानी की सराय मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने रामअवतार की मां से तहरीर लेकर उसकी लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। एसओ अशेषनाथ सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में मौत का जो भी कारण स्पष्ट होगा। उसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।