सरायमीर। जौनपुर जिले के बदलापुर में 16 सितंबर को पेट्रोल छिड़क कर जलाए गए ट्रक चालक की सोमवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। चालक के मौत की घर पहुंचते ही परिजन बिलख उठे। चार पहिया सवार लोगों ने उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाया था। सरायमीर थाना क्षेत्र के पेडरा गांव निवासी 50 वर्षीय सत्यप्रकाश राय अपना ट्रक लेकर 14 सितंबर को मध्य प्रदेश गया था, जहां से वह गिट्टी लाद कर वापस लौट रहा था। 16 सितंबर को जौनपुर जिले के बदलापुर के पास चार पहिया सवार लोगों ने उसे रोका और फाइनेंस कंपनी का आदमी बताते हुए ट्रक को जबरन ले जाने लगे। कारण ट्रक के लोन की किस्त का न जमा होना बताया जा रहा था। सत्यप्रकाश ने विरोध किया तो उक्त लोगों ने उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दिया। झुलसी अवस्था में पुलिस ने उसे जौनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से परिजन उसे वाराणसी स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए। सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। सत्यप्रकाश पांच पुत्रों का पिता था। सभी पुत्र मुम्बई में ट्रक चलाते हैं। 2016 में उसने मुम्बई के मलप्पा प्राइवेट कंपनी मन्नापुरम से फाइनेंस करा कर ट्रक खरीदा था।