मेंहनगर में अधिवक्ताओं और तहसीलदार के बीच चल रही वार्ता। संवाद
मेंहनगर। तहसीलदार विवेकानंद दूबे और अधिवक्ता व पूर्वमंत्री शिवानंद सिंह के बीच 24 जून से चल रहा गतिरोध मंगलवार को आपसी सहमति से समाप्त हो गया। इसके बाद बार एसोसिएशन ने तहसीलदार न्यायालय का न्यायिक कार्य पूर्ववत संचालित करने का निर्णय लिया। तहसील सभागार में तहसीलदार विवेकानंद दूबे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामजन्म सिंह, पदाधिकारी एवं अधिवक्ता शामिल हुए। बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई। इसमें सभी मतभेदों को आपसी सहमति से दूर कर लिया गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामजन्म सिंह ने बताया कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय न्याय व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है। वादकारियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तहसील न्यायालय का कार्य अब बिना किसी व्यवधान के नियमित रूप से संचालित होगा। किसी भी पक्ष के कारण आम जनता को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। बैठक के बाद बार एसोसिएशन ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय समाप्त करते हुए कोर्ट का अनवरत संचालन जारी रखने की घोषणा की। बैठक में बार एसोसिएशन के मंत्री श्याम बिहारी सरोज, पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा, पूर्व मंत्री शिवानंद सिंह, अशोक यादव आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।