अतरौलिया। एसडीएम बूढ़नपुर, तहसीलदार और सीओ ने शनिवार को अतरौलिया स्थित रामनाथ धनंजय पीजी कॉलेज में बने फैसिलिटी क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। सेंटर में बने कमरों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैनिटाइज कराया। इसके साथ ही पिछले दिनों जिला अस्पताल में मृत कोरोना संदिग्ध के कमरे को सील करा दिया गया।
दो दिन पहले जिला अस्पताल में दिल्ली से आए क्षेत्र के परानपुर निवासी कोरोना संदिग्ध की मौत हो गई थी। कोरोना संदिग्ध और उसके पुत्र को पहले यहीं पर क्वारंटीन किया गया था। उसके पुत्र का अभी भी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों का सैंपल गोरखपुर भेजा गया है। अभी तक इसकी रिपोर्ट नहीं आई है। पूरे कमरे को सील कर दिया गया है। इस सेंटर पर पांच लोगों को रखा गया है। उनके रहने के लिए अलग-अलग कमरे की व्यवस्था है। इसमें पहले से रह रहे लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उन्हें राशन किट देकर छोड़ दिया गया है। एसडीएम दिनेश कुमार मिश्र, सीओ शीतला प्रसाद पांडेय, तहसीलदार शक्ति प्रताप सिंह आदि सहित उपस्थित थे।