रानी की सराय थाना अंतर्गत बेलइसा मंडी में शनिवार रात नारियल लेकर पहुंचे एक ट्रक के खलासी की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तमिलनाडु के संगेरी जिला अंतर्गत कूपनूर थाना क्षेत्र के सत्यानगर गांव निवासी रणजीत (40) ट्रक पर खलासी का काम करता था। शनिवार रात वह तमिलनाडु से नारियल लदे ट्रक से आजमगढ़ के बेलइसा मंडी आया था। रात में वह मंडी परिसर में ही खड़े ट्रक के उपर सो गया था।
सुबह देर तक नहीं उठा तो ट्रक चालक उसे जगाने गया, जहां वह मृत हाल में पड़ा था। सूचना पर रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजवा दिया। खलासी की मौत कैसे हुई है यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इस बाबत पूछे जाने पर पुलिस कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।