सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मसोना गांव निवासी वृद्ध का शव मंगलवार को सुबह रजादेपुर अनुसूचित जाति बस्ती के पास मिला। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मसोना गांव निवासी कृष्णानंद राय (62) सोमवार की शाम घर से टहलने की बात कह कर निकले। टहलते हुए वो रजादेपुर अनुसूचित बस्ती की तरफ गए थे। देर रात तक वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश भी किया। मंगलवार की सुबह अनुसूचित बस्ती के पास कृष्णानंद राय का शव पड़ा मिला। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अनुसूचित बस्ती की तरफ ही कृष्णानंद का खेत भी था। संभवत: खेत देखने के लिए वह सोमवार की शाम गए थे। मृतक के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान थे और नाक से खून आ रहा था। मृतक के पुत्र पंकज उर्फ प्रवीण कुमार राय ने बताया कि रजादेपुर अनुसूचित बस्ती का एक लड़का मंगलवार की सुबह घर आया और बताया कि आप के पिता बस्ती के पास पड़े है। पंकज की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ विवेक कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।