आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरूषोत्तमपुर बाजार के पास खेत में सोमवार को एक बोरे में वृद्धा का शव मिला। वृद्धा रविवार दोपहर से लापता थी और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम है।
मुबारकपुर के अमरौला गांव की रहने वाली भानमति (65 ) पत्नी स्व. मंगरू सोनकर पुरूषोत्तमपुर बाजार में सब्जी बेचती थी। रविवार सुबह सब्जी बेचने आई और दोपहर बाद से वो लापता हो गई थी। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। सोमवार दिन में लगभग दो बजे सब्जी दुकान के पीछे ही एक खेत में वृद्धा का शव बोरे में मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजन व ग्रामीण मौके पर जुट गए।
लोगों की सूचना पर मुबारकपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की जानकारी पर सीओ के साथ ही डॉग स्क्वायड व फोरेंसिंक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।