आजमगढ़ के सलहरा गांव निवासी एक मासूम का शव स्कूल के अर्धनिर्मित शौचालय के टैंक में मिला। मासूम तीन घंटे से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सलहरा गांव निवासी शमीम अहमद का ढाई वर्षीय पुत्र अरहम मंगलवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह लापता हो गया। बालक के गायब होते ही परिजनों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन उसकी खोजबीन में पूरा परिवार जुट गया। लगभग तीन घंटे बाद रात लगभग साढ़े नौ बजे अरहम का शव घर से कुछ दूर स्थित ईदगाह के पास एक स्कूल के अर्धनिर्मित शौचालय टैंक में मिला। शौचालय टैंक में मासूम का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पुलिस को दी गई। देवगांव कोतवाली प्रभारी शशिमौलि पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव को शौचालय टैंक से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अरहम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
टैंकर ने किशोर को रौंदा, मौके पर हुई मौत
मुबारकपुर थाना के गुलऊर बाजार में मंगलवार शाम लगभग पांच बजे साइकिल सवार किशोर को टैंकर ने रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची बनकट चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। साइकिल सवार किशोर की शिनाख्त मऊ के घोसी कोतवाली अंतर्गत मादी सिपाह निवासी राहुल कुमार (14) पुत्र हरेंद्र मुबारकपुर के तौर पर हुई।