जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के ब्रहमौली ध्यान गांव स्थित ईंट भट्ठे पर कार्यरत मजदूर का शव शुक्रवार सुबह पीपल के पेड़ पर लटका मिला। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। झारखंड प्रांत के रांची जिले के बुढ़मू थाना अंतर्गत कुटेर गांव निवासी प्रदीप उरांव (30) जीयनपुर कोतवाली के ब्रह्मौली ध्यान गांव स्थित ईंट भट्ठे पर ईंट पाथने का काम करता था।
गुरुवार रात पत्नी के साथ खाना खाने के बाद सोने गया था। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने प्रदीप का शव पास पीपल के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका देखा। भट्ठे पर मौजूद मजदूरों ने इसकी सूचना पुलिस व भट्ठा मालिक को दिया। सूचना पर भट्ठा मालिक के साथ ही जीयनपुर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को पेड़ से उतारा गया और पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। घटना से पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है।