आजमगढ़। वासंतिक नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को जिले भर के देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप ब्रह्मचारिणी के चरणों में शीश झुका कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामनाओं के लिए प्रार्थना की।
दक्षिण मुखी देवी मंदिर में करीब 25 हजार और निजामाबाद के शीतला धाम मंदिर में 25 हजार से अधिक भक्तों ने मत्था टेका। घंटे-घड़ियाल और शंख की गूंज के बीच माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गए थे।
हाथों में नारियल, चुनरी और फूल-माला लिए भक्त कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
नगर क्षेत्र में सर्वाधिक भीड़ मुख्य चौक स्थित दक्षिण मुखी देवी मंदिर पर रही। पुजारी शरद तिवारी ने बताया तो पूरे दिन श्रद्धालुओं का दर्शन पूजन जारी रही है। इस दौरान 25 हजार से अधिक लोगों ने मां की पूजा अर्चना की। मंदिर के गर्भगृह में जगह कम होने के कारण दर्शन के लिए लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
इसके अलावा मातवरगंज स्थित बड़ादेव दुर्गा मंदिर, रैदोपुर दुर्गा मंदिर, ब्रम्हस्थान स्थित प्रह्लाद नगर दुर्गा मंदिर, बेलइसा स्थित बउरहवा बाबा मंदिर, सिंचाई कालोनी स्थित संतोषी मांता मंदिर, कोलघाट गांव के रमायन मार्केट स्थित दुर्गा मंदिर, सिधौना स्थित मां सिद्धेश्वरी मंदिर, टाड़ी स्थित परमज्योति धाम, पल्हना स्थित पाल्हमेश्वरी धाम, निजामाबाद स्थित माता शीतला धाम, फूलपुर क्षेत्र स्थित बुढ़िया माई मंदिर, बरदह के महुजा नेवादा स्थित अठरही माता मंदिर सहित जनपद के सभी छोटे-बड़े देवी मंदिरों में भक्तों ने श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की। यहां भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
31 : निजामाबाद में मां शीतला।- संवाद