मेंहनगर। कस्बे के वार्ड नं 11 निवासी भाजपा के निवर्तमान मंडल अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा के महेश गोंड़ रविवार रात तेरहवीं भोज में शामिल होने गए थे। वहां पहले से मौजूद फल व्यवसायी सिद्धू सोनकर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। लोगों के बीच बचाव करने पर दोनों लोग घर चले गए। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद सिद्धू अपने समर्थकों के साथ भाजपा नेता महेश के घर पहुंच गया और मारपीट की।
इस घटना में कई लोगों को चोट आई। महेश गोंड़ को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी बिमल प्रकाश राय ने सिद्धू सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा पंजीकृत नहीं हुआ था। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ चल रही है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।